अमीर बेदी। पालमपुर
भाजपा द्वारा कांगड़ा को उचित नेतृत्व न दिए जाने को कांग्रेस ने हथियार बनाया है। भाजपा पर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जिला कांगड़ा की भाजपा ने अनदेखी की और यहां से मात्र एक अध्यक्ष बनाने के उपरांत इतिश्री कर ली।
शनिवार को पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने भाजपा की नीतियों को उजागर करते कहा कि भाजपा अपने शासनकाल के दौरान अपनी विश्वसनीयता कायम नहीं कर पाई और कांगड़ा की अनदेखी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आशीष बुटेल ने कहा कि भाजपा कोविड-19 के दौरान स्वास्थ्य और खाद्य पोर्टफोलियो बनाने में नाकामयाब साबित हुई।
उन्होंने स्वास्थ्य महकमे में हुई धांधलियों को जहां सामने रखा, वहीं यह भी कहा कि सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल यात्रा के दौरान करीब 65000 करोड़ रुपये के नेशनल हाईवे बनाने का झूठा सपना हिमाचल की जनता को दिखाया, लेकिन बाद में नितिन गडकरी ने अपने झूठ को खुद ही उजागर कर दिया।
विधायक आशीष बुटेल ने यह आरोप भी लगाया कि कांगड़ा को भाजपा नेतृत्व नहीं दे पाई और यहां से भाजपा ने अतिरिक्त मंत्रियों को नियुक्त न करके जिला कांगड़ा की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान जिला कांगड़ा को उचित नेतृत्व मिला और जिला कांगड़ा से तीन-तीन मंत्री चुनकर जिला कांगड़ा का विकास करवाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा से कांग्रेस बार-बार यह प्रश्न पूछती रही है कि धर्मशाला को दूसरी राजधानी घोषित किया गया या नहीं, लेकिन भाजपा इस मामले में खामोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना वायरस के चलते सरकार के पास उचित टेस्ट किए जाने की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार में जिन लोगों ने स्वास्थ्य के नाम पर घोटाले किए हैं, उन लोगों पर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए।