आरडी पराशर। सराहां
भाजपा मंडल पच्छाद द्वारा वीरवार को सराहां में भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रीना कश्यप और कृषि विपणन बोर्ड प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने शिरकत की तथा भाजपा की विचारधारा रखने वाले सभी पंचायत प्रधान, उप प्रधान तथा बीडीसी पदाधिकारी व सदस्यों ने भाग लिया।
बता दें कि आगामी वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जिसके लिए राजनीतिक सरगर्मी की आहट शुरू हो गई है। यह सम्मान समारोह भी इसी ओर इशारा करता है। भाजपा मंडल पच्छाद ने इसी बहाने पंचायतों में अपनी विचारधारा का भी शक्ति प्रदर्शन शो किया है।
वहीं कृषि विपणन बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने उपस्थित से सभी प्रधान व उप प्रधानों तथा पंचायत समितियों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण भी दिया। इसमें पंचायत प्रधान अपनी पंचायत में किस तरह से सर्वांगीण विकास कर सकता है। भंडारी ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण कारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कई बार अपनी पंचायत का नेतृत्व कर चुके भंडारी ने अपने अनुभव को सभी के साथ सांझा किया। विधायक रीना कश्यप ने कहा कि भाजपा एक बहुत बडी विचारधारा है। भाजपा का मूलमंत्र है सबका साथ सबका विकास और हम इसी के तहत विकास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज पच्छाद में विभिन्न योजनाओं पर कार्य चला हुआ है जिन्हें पूरा करने में हम सभी प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में चुनाव होने हैं जिसके लिए सभी अपने अपने क्षेत्र में लोगों के विकास में कोई कमी न होने दें।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल पच्छाद द्वारा आयोजित इस समारोह में विधायक रीना कश्यप व कृषि विपणन बोर्ड प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने उप मण्डल पच्छाद के बीडीसी पदाधिकारी व सदस्यों तथा पंचायत प्रधान व उप प्रधानों को पटका व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र नेहरू, उपाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, मण्डल महामंत्री नरेंद्र गोसाईं, जिला महामंत्री अनूप शर्मा समेत सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।