राजेश कुमार / राज शर्मा। धर्मशाला
जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त सुधार गृह में अब ब्रेड भी तैयार होगी। यही नहीं सुधार गृह के कैदी फूलों के गमले भी बनाते नजर आएंगे। इसके अतिरिक्त सुधार गृह में स्थापित नर्सरी को भी अपग्रेड किया जाएगा।
सुधार गृह में बेकरी पहले से संचालित की जा रही है, जिसमें कुछ एक ही बेकरी के प्रोडक्ट बनाए जाते थे, जबकि अब जेल प्रशासन इस बेकरी को अपग्रेड करके ब्रेड तैयार करवाने जा रहा है। इसके लिए नई मशीनरी खरदीने की योजना है, जिस पर कार्य किया जा रहा है। सुधार गृह में तैयार होने वाली ब्रेड सहित अन्य उत्पादों को शहर की मार्केट में बेचने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त कैदी सीमेंट के गमले भी बनाएंगे, जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कैदियों को इस बारे प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके द्वारा निर्मित गमलों को बाहर बेचा जा सके। धर्मशाला जेल में स्थापित नर्सरी को भी अपग्रेड किया जाएगा।
लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त सुधार गृह धर्मशाला के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, विकास भटनागर ने कहा कि धर्मशाला सुधार गृह की बेकरी में अब ब्रेड भी तैयार की जाएगी, जिसके लिए बेकरी को अपग्रेड किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सीमेंट के गमले बनाने का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। सुधार गृह स्थित नर्सरी को भी सुधारा जाएगा। इसमें सितंबर माह में नए पौधे लगाए जाएंगे। कोरोना के चलते बंद वॉशिंग सेंटर, कैंटीन और कारपेंटर के कार्य को शुरू कर दिया गया है।