राजीव भनोट।ऊना : नवग्रहों में उच्च स्थान प्राप्त भूमि पुत्र मंगल का बुधवार रात्रि तुला राशि से वृश्चिक में गोचर देश के लिए जहां सुखद परिवर्तन लेकर आएगा, वहीं कई राशियों का भी मंगल होगा। हुकूमत के दूरगामी सोच वाले निर्णयों को आम जनमानस द्वारा सराहा जाएगा और कई भ्रांतियों का निवारण भी होगा। विश्व में भारत की साख और दबदबा बढ़ेगा।
ज्योतिष पर रिसर्च बुक लिखने वाले साहित्यकार गुरमीत बेदी के मुताबिक मंगल ग्रह साहस के कारक हैैं और इनके प्रभाव से मनुष्य अपनी जीवन यात्रा में साहसिक कार्यों को अंजाम देता है। वैदिक ज्योतिष में मंगल को एक क्रूर ग्रह माने जाने के साथ-साथ जातक के मन व बुद्धि को तेज़ करने और ऊर्जा प्रदान करने वाले ग्रह के रूप में भी जाना जाता है। जन्मकुंडली में जिन लोगों का मंगल बलवान होता है , वे उर्जा से ओतप्रोत रहते हैं और अपने कार्य क्षेत्र में विशेष प्रभाव बनाते हैं।
गुरमीत बेदी ने बताया कि मंगल ग्रह 25 दिसंबर की रात्रि 9 बजकर 25 मिनट पर वृश्चिक में प्रवेश करेंगे, जो उनकी अपनी राशि है । इस राशि में वह 7 फरवरी 2020 की मध्य रात्रि पश्चात 03 बजकर 48 मिनट तक रहने के बाद धनु राशि में प्रवेश कर जाएंगे। बेदी ने बताया कि मंगल का राशि परिवर्तन कई राशियों का मंगल करेगा जबकि कई राशियों को मिले-जुले प्रभाव देगा। मेष राशि वालों का प्रभाव बढ़ेगा। वृष राशि वालों के विवाहित जीवन के लिए अनुकूल रहेगा।
मिथुन राशि वाले वाहन ध्यान से चलाएं। कर्क राशि वाले स्वास्थ्य का ध्यान रखें लेकिन कंपटीशन में सफलता मिलेगी। सिंह राशि वालों को कोई नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। कन्या राशि वाले वाद-विवाद से दूर रहें लेकिन प्रमोशन का योग भी रहेगा। तुला राशि वालोंं के लिए मिलाजुला असर रहेगा। वृश्चिक राशि वालों का दबदबा बढ़ेगा। धनु व मकर राशि वालों के बिगड़े काम बनेंगे। कुंभ राशि वालों के लिए समय हर तरह से अनुकूल रहेगा और मीन राशि वालों के लिए संतान प्राप्ति व मांगलिक कार्य पर खर्च का योग बनेगा।