सोनिया शर्मा। शिमला
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने बुधवार को सचिवालय में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने उनको शुभकामनाएं भी दी। इस नियुक्ति के लिए उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा की सच में यह एक अहम दायित्व है और हिमाचल प्रदेश की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसको मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।
उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश में अनेकों आपदाओं का सामना करना पड़ता है जैसे बरसात से नुकसान, बाढ़, बादल का फटना, लैंडस्लाइड और कोरोना महामारी आदि।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हम आपदा को कम करने की पूर्ण प्रयास करेंगे। जिस प्रकार से कांग्रेस इन नियुक्तियों को लेकर शोर मचा रही है, वह एक अवसरवादी राजनीतिक दल का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बनती है तो उससे पहले ही उनके चेयरमैन की लिस्ट फाइनल हो जाती है और नियुक्ति कर दी जाती है और भाजपा के जितने चेयरमैन लगे हैं, उनसे तीन गुना चेयरमैन की फौज कांग्रेस द्वारा बनाई जाती है। उनके चेयरमैन 5 साल के लिए नियुक्त किए गए थे।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं और इसका आना पहले ही संभावित था। उन्होंने कहा कि इस महामारी के साथ हमें जीना सीखना है, सभी सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का अच्छे से पालन करें।