राजीव भनोट। ऊना
भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रदेश में 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के नेता अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। अविनाश राय खन्ना ने ऊना में प्रेसवार्ता में कहा कि मंत्री, विधायक व चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी 3 वर्ष का अपना रिपोर्ट कार्ड तैयार करके जनता के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, ताकि जनता के बीच जाकर बताया जा सके कि तीन साल में क्या किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार ने 3 साल बेमिसाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया है और जनता ने प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों पर मुहर लगाते हुए पंचायती व शहरी निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बेहतर काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जहां बेहतर काम करते हुए अपने आप को मजबूत किया है। वहीं कांग्रेस की हालत मुद्दा, दिशा व नेता विहीन होकर रह गई है। कांग्रेस के पास कोई कार्यक्रम नहीं है, इसलिए कांग्रेस मात्र आलोचनाओं की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में सेवा का क्रम भी भाजपा के द्वारा प्रदेशभर में किया गया।
प्रदेश सरकार ने स्वर्ण जयंती का कार्यक्रम बेहतर रूप से करने का निर्णय लिया है, इसमें यह बताया जा रहा है कि 50 साल पहले प्रदेश में क्या था और अब क्या है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस प्रकार से प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं में भाजपा को बहुमत दिया है, उससे साफ है कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार रिपीट करेगी। इसलिए प्रदेश में भाजपा की कार्यकारिणी में आने वाले तीन माह का रोडमैप तैयार किया जाएगा और जनता के बीच रहकर फीडबैक लिया जाएगा।
किसानों से बात करने को खुले हैं द्वार
अविनाश ने कहा कि प्रदेश किसान बिल किसानों के हित में है और मोदी सरकार ने किसानों के लिए वह किया है,जो कोई नहीं कर पाया। किसान सम्मान निधि, सोयल हेल्थ कार्ड, यूरिया की कमी को दूर करना अनेक ऐसे फैसले किए हैं, जिससे किसानों की आर्थिकी में परिवर्तन आ रहा है। केंद्र सरकार चाहती है कि किसान आगे बढ़े मेहनत करें और किसान बिल पर जो आशंका जाहिर की गई थी, उनके निराकरण के लिए भी खुले मन से चर्चा को सरकार तैयार है। किसानों को भी वार्ता के लिए आगे आना चाहिए।
नगर निगम में भी होगी भाजपा की जीत
अविनाश राय खन्ना ने कहा कि पंचायती व शहरी निकाय चुनावों में जीत के बाद 4 नगर निगमों के चुनाव होने को हैं। इन चुनावों की तैयारी भाजपा ने शुरू कर दी है और हमें विश्वास है कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ इन नगर निगमों में जीत दर्ज करेगी।
मुख्यमंत्री की थपथपाई पीठ
अविनाश ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बेहतर काम कर रहे हैं, उनकी नीतियां बढिय़ा है। घोषणा पत्र के अनुसार काम किया जा रहा है, सभी मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। जयराम ठाकुर सरकार की अनेक नीतियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार ने भी सराहा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का नेतृत्व बेमिसाल है।