हिमाचल दस्तक। ऊना
ऊना सदर के युवाओं का कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना भाजपा के नेताओं को रास नहीं आ रहा है, जिसके चलते भाजपा नेता अनाप-शनाब ब्यानबाजी करने मेें लगे हुए हैं। और तो और युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास भी कर रहे हैं। यह बात ऊना सदर युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप रतन भारद्वाज ने कही।
शनिवार को जारी ब्यान में प्रदीप रत्न भारद्वाज ने कहा कि ऊना मंडल भाजपा के अध्यक्ष क्षेत्र के 5 युवाओं के नाम बता दें, जिन्हें उन्होंने अपने पार्टी के सत्ता काल में रोजगार दिलवाया हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर गलत टिप्पणी करने से पहले हरपाल गोगी पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें।
उन्होंने कहा कि विधायक सतपाल सिंह रायजादा युवा दिलों की धड़कन है। भाजपा नेताओं को अपने सत्ता काल में युवा वर्ग के लिए किए गए कामों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में चूर रही भाजपा को अब चुनाव नजदीक आने पर विधायक में खामियां नजर आने लगी हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर होता यदि भाजपा के नेता अपने सत्ता काल में जनता के लिए कुछ करके दिखाते। भाजपा ने 4 साल तक केवल मात्र विधायक को कोसने के अलावा और कुछ नहीं किया। हालत यह है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार अभी भी भाजपा के नेता पचा नहीं पा रहे हैं।
इसी का नतीजा है कि ना तो भाजपा जनता का कोई काम कर रही है और ना ही उसे विकट परिस्थितियों में मुसीबतों से जूझते लोगों का कोई ध्यान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को यह ज्ञान होना चाहिए कि विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने अपना वेतन तक गरीब लोगों की मदद में समर्पित कर दिया है।
–चंद्रमोहन चौहान, ऊना।