साहिल डढवाल। नूरपुर :
वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के लोगों से रविवार को स्थानीय वाटिका फार्म में संवाद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तुत किए गए बजट को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने बजट को अब तक का सबसे शानदार और जानदार बजट करार देते हुए कहा कि इससे समाज के हर वर्ग का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि नूरपुर में वर्चुअल जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के विचार सुनने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़ अपने आप में इसकी गवाह बनी है।
विशेषकर महिलाओं का इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचना प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति विश्वास को दर्शाता है। वन मंत्री ने कहा कि आगामी 2 माह के भीतर विधानसभा क्षेत्र के सभी महिला मंडलों के लिए 31-31 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम के तहत प्रत्येक महिला मंडल को 100-100 टिफिन भी दिए जाएंगे, ताकि किसी भी धाम में प्लास्टिक के लिफाफों में परोसे जाने वाले भोजन की जगह इन टिफ़िन का इस्तेमाल सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जो महिला मंडल साल भर उत्कृष्ट कार्य करेंगे उन्हें एक लाख रुपए की राशि से सम्मानित किया जाएगा।