साहिल डढवाल। नूरपुर
फतेहपुर विधानसभा में उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां के लोगों को बड़ी सौगात दी है। फतेहपुर विस् के तहत आते राजा का तालाब को उपतहसील बनाने की अधिसूचना सरकार द्वारा जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के तहत राजा का तालाब उप तहसील का मुख्यालय राजा का तालाब में ही होगा। इस उप तहसील में 8 पतवार वृत होंगे जिनमे बड़ी, तलाड़ा, छतर, गोलवां, झड़ोली, गुरियाल, लारथ और रैहन शामिल हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मार्च माह में फतेहपुर दौरे के दौरान राजा का तालाब को उपतहसील बनाने की घोषणा की थी। अपनी इस घोषणा को पूरा करते हुए राजा का तालाब को उप तहसील बनाने की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के बाद राजा का तालाब के लोगों ने खुशी जाहिर की है। वहीं, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष किरपाल परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से किया वायदा निभाते हुए एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि उप तहसील बनने से अब यहां के लोगों को काफी फायदा होगा और उन्हें फतेहपुर के चक्कर काटने से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फतेहपुर विस् में जो शिलान्यास किए हैं उनका कार्य भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।