मुकेश, रायजादा,कालिया,कुलदीप आएंगे एक मंच पर
राजीव भनोट।ऊना : प्रदेश कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों का शोषण और आर्थिक मंदी के खिलाफ प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन करने का शेड्यूल जारी किया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश पराशर (राजू) ने बताया कि संगठन द्वारा घोषित विरोध प्रदर्शन के शेड्यूल के मुताबिक ऊना जिला मुख्यालय पर 11 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलास्तर पर आयोजित होने वाले इस धरना प्रदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस के प्रत्येक फं्रटल ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहेंगे। उन्होंने जिले के सभी पांच ब्लॉकों के कांग्रेस प्रधान व पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, ओबीसी सेल, श्रमिक संगठन इंटक व कांग्रेस सेवादल के सदस्यों सहित कांग्रेस के अन्य संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों से इस धरना प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है। राजेश पराशर ने कहा कि कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और सदस्य 11 नवंबर सुबह करीब आठ बजे पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में एकत्रित होंगे।
जहां सीनियर लीडर्स के मार्गदर्शन के उपरांत एक विशाल रैली उपायुक्त कार्यालय तक निकाली जाएगी। उपायुक्त कार्यालय में विरोध प्रदर्शन होगा और उपायुक्त के माध्यम से महामहिम को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है। राजेश पराशर ने कहा कि कांग्रेस के सभी पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्य रहे कांग्रेसी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
विरोध प्रदर्शन में ये नेता भी करेंगे शिरकत
इस विरोध प्रदर्शन में पीसीसी उपाध्यक्ष लखविंद्र राणा, महासचिव विनय कुमार जो जिला कांग्रेस के प्रभारी भी हैं, एक केंद्रीय पर्यवेक्षक, विपक्ष के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक राकेश कालिया और कुटलैहड़ से विवेक शर्मा (विक्कू) सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।