हरीश गौत्तम। तत्तापानी (सुन्नी):
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी नाटी पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं के मन में हिमाचल की समृद्ध संस्कृति के प्रति आदर नहीं है।
राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के प्रति अपने प्रेम के संबंध में कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि नाटी न केवल तीन वर्षों के दौरान, बल्कि अगले पांच वर्षों तक भी निर्बाध रूप से चलती रहेगी। मुख्यमंत्री जिला मंडी के तत्तापानी में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित पर्यटन उत्सव तथा राज्य स्तरीय मकर संक्रांति मेले के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है और प्रदेश के लोग इस निर्णय में केंद्र के साथ हैं, क्योंकि इससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आने वाले भेदभाव से ग्रस्त अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश से आने वाले हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों, जो इन देशों से अत्याचार के कारण यहां आए हैं उनके लिए है। इस बारे में विपक्षी दल केवल भ्रम फैला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने से भारत का एक झंडा, एक संविधान और एक राष्ट्र का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण सुनिश्चित हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय की सभी ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के जनमंच कार्यक्रम से जनता की समस्याओं का समाधान उनके घरद्वार के निकट सुनिश्चित हो रहा है। प्रदेश की जनता की समस्या के त्वरित समाधान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अब प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना 1100 का शुभारंभ किया है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने हाल ही में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का सफल आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि अब तक 703 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जो 96000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कोलडैम में की जेटी की सवारी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोलडैम के निर्माण से यह क्षेत्र जलक्रीड़ा के लिए प्रमुख गंतव्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्तापानी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा, क्योंकि इस क्षेत्र में जलक्रीड़ा की आपार संभावना है। उन्होंने कहा कि तत्तापानी के समृद्ध इतिहास को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को जलक्रीड़ा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि तत्तापानी को पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि शिमला आने वाले पर्यटकों को तत्तापानी आने के लिए प्रेरित किया जा सके। वह जेटी पर कोलडैम में उतरे और इसका आनंद लिया।
सतलुज आरती में जले 3000 दीप
मुख्यमंत्री ने तत्तापानी पर्यटन समारोह का उद्घाटन किया और सतलुज आरती में भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 3000 दीप जलाए गए। मंडी के सासंद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि तत्तापानी एक ऐतिहासिक स्थल है और यहां जलक्रीड़ा की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने तत्तापानी से शिमला के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा आरंभ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस स्थल पर आने वाले पर्यटकों को इस सुविधा का लाभ होगा। करसोग के विधायक हीरा लाल ने राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अद्वितीय प्रगति की है।
मंडी से मुख्यमंत्री जो है, और मंत्री क्यों?
करसोग। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार के पास मंत्रिमंडल है, जो काम कर रहा है। जहां तक विस्तार की बात है तो यह प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद होगा। मंडी से नया मंत्री बनाने के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि मंडी से खुद मुख्यमंत्री है तो और मंत्री क्यों? वे तत्तापानी में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि करसोग में पॉलीटेक्निक हमने बजट में डाल दिया है।
जैसे ही जमीन मिल जाएगी वैसे ही काम शुरू कर दिया जाएगा। उप तहसील पांगणा से भी हमें प्रस्ताव आया है। उनके पास भी 20 बीघा से ज्यादा जमीन उपलब्ध है। सरकार सभी प्रस्तावों पर गौर करेगी, क्योंकि हमें पूरे क्षेत्र का विकास चाहिए। आईटीआई के कार्य में भी तेजी लाई जाएगी। भवन बनने के बाद ट्रेड भी बढ़ा दिए जाएंगे।