हिमाचल दस्तक। मंडी
मंडी में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उद्बोधन के साथ हो गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भाजपा के इतिहास एवं विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली दूसरे राजनैतिक दलों से अलग है। क्योंकि भाजपा विचारधारा के साथ काम करती है, जबकि अन्य दल सत्ता के किए अपनी विचारधारा के साथ भी समझौता कर लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुशासन, संस्कार एवं त्याग भाजपा की विशेष पहचान है और इसी कारण कभी दो सांसदों वाला दल आज विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्व का नेतृत्व कर रहा है और अखंड भारत का सपना मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370, तीन तलाक जैसे निर्णय केवल भाजपा सरकार ही ले सकती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के बिना भी कोई सरकार चल सकती है और भाजपा ने इसका विश्वास लोगों को दिया है व करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर कार्य करें एवं पंचायती राज चुनावों से शुरू हुए विजय अभियान को निरंतर जारी रखें। उन्होंने कहा कि हम शत-प्रतिशत नगर निगम चुनावों में जीतेंगे और 2022 में भी पुन: भाजपा की सरकार बनाएंगे।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: महेंद्र
प्रशिक्षण सत्र में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को बताया और पदाधिकारियों एवं कार्यर्ताओं से जनता के बीच इन योजनाओं के प्रचार प्रसार करने की अपील की और कहा कि जितना कार्य जयराम सरकार के तीन साल में धरातल पर हुए हैं उतना शायद ही कभी कोई सरकार करवा पाई हो। महेंद्र ने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार अब तक की सबसे लोकप्रिय सरकार के रूप में जनता में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याण की योजनाओं का विस्तृत वर्णन किया।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों का अहम योगदान
मंडी में प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक में बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
हिमाचल दस्तक। मंडी प्रदेश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा करने के लिए तत्पर है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में आयोजित प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझावों के अनुरूप समय-समय पर जीएसटी का सरलीकरण किया गया है। सरकार व्यापार मंडल की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
निकट भविष्य में संबंधित विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में राज्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की शिमला में बैठक हुई। इसमें विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करके समाधान तलाशा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है। इस मौके पर मंडी व्यापार मंडल के प्रधान राजेश महेंद्रू, जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, डीसी ऋग्वेद ठाकुर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, एसडीएम नवेदिता नेगी, राकेश कालिया, सोहन लाल गुप्ता, लेखराज राणा उपस्थित थे।
मंडी को जल्द मिलेगी पार्किंग सुविधा
सीएम ने कहा कि मंडी में पार्किंग सुविधा के लिए भी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा इस माह के अंत तक पार्किंग सुविधा का शिलान्यास कर दिया जाएगा। युद्व स्तर पर कार्य करके जनता को जल्द पार्किंग सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला में अनाज मंडी निर्माण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
व्यापारियों ने सीएम के समक्ष रखीं मांगें
राज्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने व्यापारियों की विभिन्न मांगों को रखा। उन्होंने मार्केट फीस में राहत देने, जीएसटी परामर्श समिति के गठन, व्यापारी कल्याण कोष व कल्याण बोर्ड की स्थापना, सभी छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए सामुहिक बीमा योजना का प्रबंध व व्यापारियों को प्राथमिकता पर कोरोना वैक्सीन लगवाने और प्रदेश स्तर पर व्यापािरयों के लिए एक बड़ा सम्मेलन करवाने जैसी मांगें व सुझाव रखे। उन्होंने मार्जन ऑफ प्रोफिट एक्ट को खत्म करके व्यापारियों को बड़ी राहत देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया।