हिमाचल दस्तक। पधर
एकल नारी शक्ति संगठन ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित मानदंडों में रियायत देने की गुहार प्रदेश सरकार से लगाई है।
इस समस्या को लेकर एकल नारी संगठन द्रंग ब्लॉक ने एसडीएम पधर शिव मोहन सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन भेजकर रियायत देने की गुहार लगाई है।
संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर बीते बुधवार को विशेष बैठक का आयोजन पधर में किया गया। इसमें एकल महिलाओं की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि एकल महिलाएं अपने जीवन साथी को खोने बाद कई प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रही हैं।
अपनी बुनियादी जरूरतों, मानवीय अधिकार और सम्मान के लिए महिलाओं को लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ सरकार एकल और विधवा महिलाओं के कल्याण व उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चलाने की बात करती है, जबकि महिलाओं को औपचारिकताओं के फेर में इन योजनाओं का लाभ नही मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए न्यूनतम 35 हजार रुपये आमदनी की शर्त को बढ़ाकर 60 हजार रुपये किया जाए, जिससे एकल व विधवा महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।