हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत बाल्दी इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। करीब 34 साल की प्रशासनिक सेवाओं के बाद डॉ. बाल्दी हिमाचल सरकार के मुख्य सचिव के पद से रिटायर होंगे। डॉ. बाल्दी के सेवाकाल की खास बात यह है कि इनके पास करीब एक दशक तक हिमाचल के खजाने की चाबी रही।
शनिवार को कैबिनेट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान श्रीकांत बाल्दी की सेवाओं को सराहा गया। बाल्दी ने पूर्व में प्रेम कुमार धूमल सहित वीरभद्र सिंह और अब जयराम ठाकुर की सरकार में वित्त विभाग को संभाला था। उन्होंने एसडीएम के तौर पर अपने प्रशासनिक सेवाओं के सफर को शुरू किया था।
वे कई अहम पदों पर रहे और जयराम सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव बनाया था। वर्ष 1985 बैच के आईएएस अफसर श्रीकांत बाल्दी ने जुलाई, 2011 को वित्त विभाग संभाला था। वे कभी केंद्रीय नियुक्ति पर नहीं रहे। बीके अग्रवाल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद इसी साल श्रीकांत बाल्दी को हिमाचल सरकार का मुख्य सचिव बनाया गया था। बाल्दी अब रेरा में बतौर चेयरपर्सन जाएंगे।