जय प्रकाश । संगड़ाह
नागरिक उपमंडल संगड़ाह में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। बारिश से जहां इलाके की लगभग सभी सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं , वहीं कई घरों में पानी घुसने से भी लोगों को परेशान हुई। लानाचेता पंचायत के बसाली गांव मे बरसाती नाले मे बाढ़ आने से स्कूल मलबा घुस गया।
इतना ही नही सड़क किनारे खड़ी एक कार भी कुछ दूरी तक बाढ़ व मलबे में बह गई। ग्रामीणों ने बताया कि, बसाली स्कूल की पिछली दीवार ढहने का खतरा बना हुआ है, जिससे स्कूल को खतरा पैदा हो गया है। साथ लगते घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। लगातार हो रही बारिश से किसानों फसलों व खेत खलियान ढह गए है। मक्की व मटर की फसल खराब होने से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीडब्ल्यूडी संगड़ाह को बरसात से अढ़ाई करोड़ का नुकसान
बारिश से कईं संर्पक मार्ग बंद हो गए तथा कईं लोगों ने अपने गन्तव्य तक पहुंचने के किये पैदल सफर किया। लोक निर्माण विभाग मंडल संगड़ाह के संगड़ाह-नाहन, संगड़ाह-राजगढ़, नौहराधार-थनगा व संगड़ाह-गत्तधार आदि लगभग सभी मार्ग भूस्खलन से घंटों बंद रहे तथा इन रूट पर चलने वाली बसें अपने निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक नही पहुंच पाई।
सोलन-नौहराधार-मीनस मार्ग भट्यूडी के पास भूस्खलन से खबर लिखे तक अवरुद्ध रहा। यहां देवदार के पेड़ सड़क पर गिर गए। गुरुवार को क्षेत्र मे घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता संगड़ाह रतन शर्मा ने बताया कि, यातायात बहाल करने के लिए 10 जेसीबी मशीने लगाई गई है और अधिकतर मुख्य मार्ग खोल दिए गए है। उन्होंने कहा कि, बरसात से अब तक क्षेत्र की सड़कों पर करीब अढ़ाई करोड़ का नुक़सान हुआ है।