हिमाचल दस्तक। मनाली
देश और विदेश के करोड़ों लोगों ने कोरोनाकाल में योग से स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त किया है। यह बात मनाली में ग्रैंड मास्टर अक्षर नाथ ने योगाभ्यास समापन समारोह के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सेहत का पूरा ख्याल रखें और ताजे व पौष्टिक खाद्य पदार्थों का सेवन करें। योग व व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि देश के अलावा विदेशों में योग को ऐसे ही नहीं अपनाया गया। लाइलाज बीमारियों का इलाज भी योग और आयुर्वेद से संभव हो सका है।
ग्रैंड मास्टर अक्षर नाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार को योगा टूरिज्म को भी बढ़ावा देना चाहिए। योग हिमालय की ही देन है यहां पर जब योगी योगाभ्यास करने आते हैं तो उनको आंतरिक और मानसिक रूप से शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि वह अपने देशी-विदेशी अनुयायियों को हिमाचल लेकर स्नो फ्लेक्स रिजॉर्ट मनाली आते हैं और यहां से साधना करने के लिए बिजली महादेव, सियोलसर लेक, व्यास कुंड, रोहतांग, चन्द्रताल, हामटा में जाकर ध्यान लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले अनेकों वर्षों से योगियों को योगाभ्यास के लिए हिमाचल प्रदेश में लेकर आ रहे है। इस बार भी देश के विभिन्न राज्यों से योगी और योगनियों को योगाभ्यास के लिए हिमाचल लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में उनके लगभग 3000 योग अध्यापक पूरी दुनिया में फैले हुए हैं और लोगों को योग की शिक्षा देने में लगे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में विश्व स्तरीय योग रिसर्च सेंटर एक बड़े विज़न को ध्यान में रखते हुए स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे विश्वभर में उनके लगभग दो करोड़ से ज्यादा योग अध्यात्म से जुड़े अनुयायी हैं। उन्होंने स्नो फ्लेक्स की एमडी खुशबू कपूर और दीपांकर कपूर के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर के समापन पर मुख्य रूप से नगर परिषद अध्यक्ष चमन कपूर उपस्थित रहे।