अंकिता। शिमला
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह (Former Chief Minister Virbhadra Singh) के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हालांकि अभी भी वह आईजीएमसी शिमला में ही भर्ती हैं। वहीं उनकी सभी जांच रिपोर्ट भी सामान्य आई हैं।
यह जानकारी आईजीएमसी एमएस डॉ. जनकराज ने दी। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की हालत अब पहले से बेहतर है। गौर रहे कि कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग से मेकशिफ्ट अस्पताल आईजीएमसी में ही शिफ्ट किया गया था। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अब आईजीएमसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
इसके लिए आईजीएमसी प्रशासन ने 6 विभागों के एचओडी विशेषज्ञों को निर्देश जारी किए हैं। 6 विभागों के एचओडी के नेतृत्व में बनी टीम वीरभद्र सिंह की देखरेख कर रही है।
वहीं वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने उनके साथ एक फोटो शेयर की है, जिसमें उन्होंने पूर्व सीएम के स्थिति में सुधार होने की बात कही और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। विक्रमादित्य ने कहा कि पूर्व सीएम पर मां भीमाकाली का आशीर्वाद है साथ ही प्रदेश की जनता की दुआओं से जल्द ही पूरी तरह से स्वस्थ्य होंगे।