हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली पुरुष हॉकी टीम में शामिल हिमाचली खिलाड़ी वरुण कुमार को एक करोड़ रुपये और डीएसपी के पद पर नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान यह घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने नियमों संशोधन कर वरुण कुमार को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। वरुण कुमार का संबंध हिमाचल के चंबा जिले से हैं। रोजगार के सिलसिले में वह पंजाब में रह रहे हैं। वरुण की पढ़ाई और हॉकी की प्रैक्टिस पंजाब में ही हुई है। जैसे ही ओलंपिक में भारत ने जर्मनी को परास्त किया समूचे देश सहित हिमाचल में भी खुशी की लहर दौड़ गई।
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा कांस्य पदक जीतने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देवभूमि हिमाचल की ओर से हॉकी टीम को हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने नया इतिहास रचकर देशवासियों को गौरवान्वित किया है। बेहतरीन प्रदर्शन से दशकों बाद आज संपूर्ण देश में गौरव व हर्ष का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विशेष परिस्थितियों में फैसला लेते हुए सम्मान राशि को 75 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये किया है। साथ ही वरुण कुमार को पुलिस में डीएसपी का पद भी दिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर और क्रिकेटर सुषमा वर्मा को डीएसपी का पद दे चुकी है। गौरतलब है कि वरुण कुमार को एक करोड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए विधानसभा सत्र के दौरान सदन में कांग्रेस विधायक आशा कुमारी व सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मांग उठाई थी।
भारतीय टीम मेडल हारी, लेकिन दिल जीता
एजेंसी। टोक्यो : भारत की महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि टीम ओलंपिक पदक जीतने से चूक गई लेकिन पूरी टीम ने अपने खेल से करोड़ों हॉकी प्रेमियों का दिल जीत लिया। उन्होंने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाकर इतिहास रचा। हालांकि सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और उसके बाद ब्रॉन्ज मेडल मैच में ग्रेट ब्रिटेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। ओलंपिक मेडल चूकने के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स मैदान पर ही फूट-फूटकर रोने लगीं। सविता पूनिया, वंदना कटारिया, कप्तान रानी रामपाल और नेहा गोयल समेत तमाम खिलाड़ी इमोशनल हो गईं। इन सभी खिलाडिय़ों ने पूरे टूर्नामेंट में गजब का प्रदर्शन किया था।
देश की करोड़ों बेटियों की प्रेरणा बन गया आपका पसीना: मोदी
नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ कांस्य पदक के लिए मैदान में उतरी थी, जिसमें उसको 4-3 से मात झेलनी पड़ी। वहीं, पीएम मोदी की महिला टीम से हुई फोन पर बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जो बेहत भावुक कर देने वाला है। वीडियो में पीएम मोदी पूरी महिला हॉकी टीम से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने फोन पर कहा कि आप सब बहुत अच्छा खेले, आपने पिछले 5-6 सालों में जो पसीना बहाया है, वह बेशक पदक न ला सका, लेकिन देश की करोड़ों बेटियों की प्रेरणा बन गया है। मोदी ने फोन पर खिलाडिय़ों की चोट पर भी जानकारी ली। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला खिलाड़ी बेहद दुखी नजर आ रही थीं और रोते हुए दिख रही है।
पहलवान बजरंग पूनिया से कांस्य पदक की उम्मीद
टोक्यो। सेमीफाइनल मुकाबले में पहलवान बजरंग पूनिया को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें अजरबैजान के पहलवान अलीयेव हाजी ने 12-5 से हराया। अब वह सात अगस्त को सेनेगल के पहलवान दैता और कजाकस्तान के पहलवान नियाजबेकोव के बीच होने वाले विजेता से बजरंग पूनिया कांस्य पदक मैच के लिए भिड़ेंगे। अगर मैच की बात करें तो, पहले दौर में अजरबैजान के पहलवान अलीयेव हाजी ने दो अंक हासिल कर बजरंग पर बढ़त बनाई। फिर पूनिया ने वापसी करते हुए एक अंक बटोरा। इसी के साथ स्कोर 2-1 का हो गया। फिर हाजी ने दो अंक हासिल कर बजरंग पर 4-1 की बढ़त हासिल कर ली। लगातार दो-दो अंक हासिल कर बजरंग पर 8-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद बजरंग ने वापसी करते हुए दो अंक हासिल किया।
इतिहास रचने की कगार पर गोल्फर अदिति अशोक
टोक्यो। भारतीय गोल्फर अदिति अशोक भारत के लिए बड़ा इतिहास रचने की कगार पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार को तीसरा राउंड खत्म होने के बाद यह 23 साल की युवा गोल्फर दूसरे स्थान पर और अमेरीका की कोरडा नेली पहले नंबर पर हैं और भारतीय खिलाड़ी उनसे सिर्फ तीन स्ट्रोक ही पीछे चल रही हैं। जहां कोरडा के स्ट्रोकों की संख्या -15 है, तो वहीं अदिति अशोक -12 के साथ दूसरे नंबर पर हैं। चौथे और आखिरी राउंड का खेल शुरू होंगे और अदिति अशोक स्वर्ण पदक की रेस में बनी हुई है। अगर वह पहले नंबर पर रहती हैं, तो व्यक्तिगत स्पर्धा में अभिनव बिंद्रा के बाद भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक होगा। किसी ने भी नहीं सोचा था कि अदिति ऐसा हैरंगतगेज प्रदर्शन करेंगी, लेकिन उन्होंने सभी को चौंका दिया है।
चंबा में अकादमी खोलने पर होगा विचार
खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि वीरवार को 75 लाख की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने मुझे देर रात को बुलाया और कहा कि राशि बढ़ाई जानी चाहिए इसलिए नियमों में संशोधन कर यह राशि 1 करोड़ की गई है। खेल मंत्री ने कहा कि 7 करोड़ नाहन में एस्ट्रो ट्रफ के लिए दिया जाएगा। कांगड़ा-चंबा में एक एकेडमी खोलने पर विचार किया जाएगा।