हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
बने बनाए घर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बदलने का सपना अब सपना नहीं बल्कि हकीकत बन गया है। अब नई आधुनिक तकनीक की मदद से आप अपने घर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा सकते हैं।
मंडी जिला के नगवाईं क्षेत्र में इन दिनों एक घर को दूसरे स्थान पर बदला जाना लोगों में खूब चर्चा का केंद्र बना हुआ है। नगवाईं निवासी राजेश शर्मा अपने घर को एक स्थान से बदलकर करीब 120 फीट दूर ले जा रहे हैं। राजेश शर्मा अपने मकान को जमीन से भी करीब 3 फीट ऊंचा किया है।
मकान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बदलने का कार्य करने वाले ठेकेदार हरमिंद्र का कहना है कि वे राजेश शर्मा के मकान को करीब 120 फीट दूर ले जाकर नई फाउंडेशन पर रखेंगे। उन्होंने बताया कि जैक तकनीक के सहारे पहले मकान को करीब 3 फीट ऊंचा उठाया गया। अब चैनल के माध्यम से इसे 120 फीट दूर ले जा रहे हैं। अभी तक मकान को मूल स्थान से करीब 6 फीट से ज्यादा ले जा गया है। कुछ ही दिनों में वे इस मकान को दूसरे स्थान पर नई फाउंडेशन पर स्थापित कर देंगे।
इस मकान को बदलने पर करीब साढ़े 5 लाख की मजदूरी पर खर्च होगा। मकान के मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि घर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बदलने का उनका करीब 8 लाख रुपये तक खर्च आएगा।