दशमी रावत। रोहड़ू
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार एसडीएम कार्यालय सभागार रोहड़ू में बागवानी विभाग की ओर से शनिवार को सेब एवं अन्य फलों से लोकल स्तर पर खाद एवं पेय उत्पादों को बनाने व उसके विपणन को लेकर स्वयं सहायता समूहों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की अध्यक्ष व भाजपा नेत्री शशिबाला भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। भाजपा मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष बलदेव रांटा व महामंत्री शशि रावत भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस कार्यशाला में रोहड़ू क्षेत्र के 9 स्वयं सहायता समूहों व सामाजिक संस्था वेद माता गायत्री जन कल्याण समिति परिवार की 25 के करीब महिलाओं ने भाग लिया।
इस दौरान महिलाओं ने बागवानी विभाग रोहड़ू के एचडीओ डॉ. कुशल मेहता, डॉ. देवराज व प्रशिक्षक अमरजीत सिंह के मार्गदर्शन में सेब, अंगूर व पुदीना का जूस, लिंगड़ा, लहसुन व सेब का अचार भी तैयार किया।
इस अवसर पर कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की अध्यक्ष शशिबाला ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर बैंक के तहत अनेकों योजनाओं से लाभ लिया जा सकता है, जिससें महिलाओं की आर्थिकी को सशक्त बनाने पर बल मिलेगा।