अशोक ठाकुर। इंदौरा
जिला कांगड़ा के विस क्षेत्र फतेहपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के निधन से कांग्रेस व भाजपा में शोक की लहर है। शनिवार को विधायक सुजान सिंह पठानिया का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया जिनको उनके बेटे भिवानी पठानिया ने मुखाग्नि दी।
प्रदेश की सत्तासीन सरकार की तरफ से परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने संस्कार में शामिल होकर अंतिम विदाई दी। फतेहपुर बाजार को पूर्णतया व्यापार मंडल के निर्णयानुसार बंद रखा गया। सुजान सिंह पठानिया के निधन से समस्त प्रदेश शोक में डूबा हुआ है। हर कोई उनकी मृदुभाषा, मिलनसार व बेबाक बातचीत का कायल था तथा सुजान सिंह पठानिया ने कभी भी भेदभाव व बदला-बदली की राजनीति नहीं की जिस कारण हर कोई उनकी नेतागिरी का कायल रहता था। हर किसी ने उनको नम व अश्रुभरी आंखों से अंतिम विदाई दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष अजय महाजन, विधायक विक्रमदित्य ने कहा कि उनकी मौत से कांग्रेस को काफी क्षति हुई है जिसकी पूर्ति कभी नहीं हो पाएगी।
वहीं भाजपा सरकार में परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सुजान सिंह पठानिया की मौत से भाजपा गमगीन है तथा राजनीति में उनका कोई सानी नहीं है। उन्होंने कहा कि सुजान सिंह पठानिया के निधन से राजनीतिक क्षेत्र को हानि हुई है जिसकी पूर्ति कभी भी नहीं हो पाएगी।