राजीव भनोट। ऊना
त्यौहार हमारी सभ्यता व संस्कृति के प्रतीक हैं। यह बात बुधवार सायं ऊना के होटल माया में इन्नरव्हील क्लब ऊना के तत्वावधान में आयोजित तीज पर्व के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन में स्वाति शर्मा धर्मपत्नी उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कही।
कार्यक्रम में सोनाली ठाकुर धर्मपत्नी अर्जित सेन ठाकुर एसपी ऊना, शिवानी शर्मा धर्मपत्नी एडीसी ऊना डॉ. अमित शर्मा, पूनम मोदी धर्मपत्नी एसडीएम गगरेट ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्वाति शर्मा ने तीज पर्व की सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं को सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए आगे आना चाहिए। महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ना चाहिए, वहीं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
कार्यक्रम में इन्नरव्हील क्लब की प्रधान सुमन पुरी ने कहा कि क्लब जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा में मदद प्रदान कर रहा है। वहीं, क्लब गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को मदद देने का भी कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में ऊना शहर के वार्ड 11 से एक बीमार व्यक्ति का उपचार में मदद स्वरूप 5 हज़ार की राशि प्रदान की है।
इन्नरव्हील क्लब सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं ने गिद्दा, सोलो सांग, सोलो डांस व समूह नृत्यों के अलावा फैशन शो भी आयोजित किया गया।
कोमल व शिवानी सामा की प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। इस मौके पर निशा शारदा को मिस तीज, प्रथम रनर अप प्रियंका, द्वितीय रनर अप सुमन मदान व तृतीय रनर अप सोनिया ठाकुर रही। डॉ. इंदु भारद्वाज, नीलम अग्निहोत्री व रमा कंवर को मैडम कॉन्फिडेंस चयनित किया गया।
कार्यक्रम में इन्नरव्हील क्लब सचिव किरण भयाना, मीरा मेहता, मोनिका कौशल, रेखा शर्मा, तेजेंद्र कौर, शोभा सोनी, डॉ. इंदु भारद्वाज, सिंपी, आस्था पुरी, नीलम अग्निहोत्री, जितेंद्र कौर, सोनिया ठाकुर, निशा शारदा, प्रियंका, रमा कंवर, कोमल, शिवानी सामा, वंदना ठाकुर, अशिलेषा, यशस्वी, सीरत, राधिका, जैसलीन, अमायरा, आसीस कौर, शान वर्मा, मेहर कौर व अन्य उपस्थित थे।