लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद जिले में इंटरनेट सेवाएं आधी रात के बाद अगले आदेशों तक बाधित कर दी गई हैं।
गृह विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने शुक्रवार को बताया कि राजधानी में कल हुए हिंसक प्रदर्शन और आगजनी के बाद उत्पन्न माहौल को देखते हुए सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं गुरुवार देर रात बंद कर दी गईं। यह प्रतिबंध शनिवार दोपहर तक जारी रहेगा।
मालूम हो कि नए नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हिंसा भड़क उठी थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग घायल हो गए थे। उपद्रवियों ने पथराव और आगजनी की थी।
प्रदेश में नए नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के बाद सम्भल, आजमगढ़, मऊ, गाजियाबाद, अलीगढ़ तथा बरेली में भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पूरे प्रदेश में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।








