ललित ठाकुर। पधर
कोरोना के कठिन दौर में जब देश व प्रदेश इस संकट से लड़ रहा है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगा हुआ है। यह बात भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर ने कही। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी आश्रय शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है तथा आपत्ति भी व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के तथाकथित मामले को लेकर सरकार द्वारा निष्पक्ष जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने इस्तीफा नैतिकता के आधार पर दिया है यह उनके उच्च राजनीतिक मूल्यों को दर्शाता है। प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। सरकार ने उक्त मामले पर त्वरित कार्रवाई की है तथा संबंधित अधिकारी को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ज्योति कपूर ने कहा कि कोरोना काल में सरकार लोगों के स्वास्थ्य व कल्याण के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है, वहीं कुछ लोग घर में बैठकर अनाप-शनाप बयानबाजी करके राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। आश्चर्य तब होता है जब भ्रष्टाचार का कीर्तिमान स्थापित करने वाले लोग दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हों तथा भ्रष्टाचार मुक्त हिमाचल की परिकल्पना करने वाले मुख्यमंत्री से त्यागपत्र की मांग करते हों, जो कि हास्यपद तो है ही साथ ही दुर्भाग्यपूर्ण भी है जिसकी प्रदेश युवा मोर्चा कड़े शब्दों में निंदा करता है।