रोहड़ू:
मीट मार्केट रोहडू के पास शुक्रवार दोपहर को एक रियाहशी मकान में किराये पर रह रहे कमरे में अचानक आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति जिंदा जल गया। पुलिस के अनुसार जिंदा जले व्यक्ति का नाम दर्शन लाल (55) पुत्र श्याम सुंदर है, जो कि करनाल (हरियाणा) का रहने वाला था।
दर्शन पिछले कई साल से रोहडू में प्रेशर कुकर व गैस चूल्हे की रिपेयर का काम करता था। दर्शन लाल रोहडू में किराये के कमरे में अकेला रह रहा था और परिवार के अन्य सदस्य करनाल हरियाणा में रह रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ समय पहले दर्शन लाल की बहू की अकस्मात मृत्यु हो गई थी और अब उसके साथ यह हादसा पेश आया है। प्रशासन ने उसके परिवारवालों को घटना के बारे में सूचित कर दिया है और फौरी राहत के तौर पर 15 हजार रुपये की राशि परिवार के सदस्यों को दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दमकल कर्मियों के सहयोग से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और रिहायशी मकान को जलने से बचा लिया गया। दर्शन लाल के पड़ोसी सुंदर सिंह भंडारी ने बताया कि दर्शन लाल के कमरे का सारा सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रह रही लड़की ने आग लगने की घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी तब जाकर पड़ोसी आग बुझाने घटनास्थल की ओर दौड़े। मकान मालिक चमन लाल को आग लगने की घटना के बारे में सूचित किया गया है। मृतक व्यक्ति गरीब परिवार से संबंध रखता था।
प्रथम दृष्टया से यह लग रहा है कि आग कमरे में जले हीटर से लगी है और दम घुटने से व्यक्ति की मौत हो गई। आग लगने के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।