हिमाचल दस्तक। बंगाणा
राज्य गृह मंत्री अजय मिश्रा के बेटे द्वारा किसानों को गाड़ी से कुचलने पर युवा कांग्रेस कुटलैहड़ तल्ख हो गई है। युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मुनीष बैंस के नेतृत्व में कोटलाकलां बाबा बाल जी द्वार पर कैंडल मार्च कर शहीद किसानो को नमन किया और प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का विरोध किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी व देवेंद्र हुड्डा को 56 घंटों तक हिरासत में रखकर केंद्र सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या की जा रही है जोकि अति निंदनीय है।
इस अवसर पर कांग्रेसी नेता विवेक विक्कू ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियां ही उसके पतन का कारण बनेगी। भाजपा के राज्य गृह मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी से किसानों को कुचलने से 8 किसानों की मृत्यु हो गई है व कई किसान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। भाजपा की किसान विरोधी सरकार कांग्रेसी नेताओं को किसानों से मिलने के लिए क्यों रोकती रही है।
यूपी की भाजपा सरकार ने हाथरस मामले में भी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका गया था। यूपी की भाजपा सरकार का तानाशाह रवैया ही उसे सत्ता से बेदखल करने में अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस द्वारा शहीदों के सम्मान में नारेबाजी भी की गई व 2 मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर पंचायत प्रधान ज्ञानचंद ,कंचन रानी, उप प्रधान महेश सहित कई लोग शामिल रहे।