हिमाचल दस्तक। मंडी
सीटू से संबंधित मनरेगा व निर्माण मज़दूर यूनियन धर्मपुर कमेटी ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को मंडी लेबर ऑफिस में धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों को संबोधित करते हुए सीटू के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मंडी लेबर ऑफिस में स्वीकृति हेतु 300 से अधिक मजदूरों के बच्चों के लिए मिलने वाली शिक्षण छात्रवृत्ति की राशि, विवाह-शादियों में दी जाने वाली सहायता राशि, महिला मजदूरों की डिलीवरी के लिए मिलने वाली सहायता राशि, मृत्यु सहायता राशि और स्वास्थ्य सहायता राशि लेबर ऑफिस में पेंडिंग पड़ी है।
उन्होंने कहा कि ये सभी क्लेम मंडी लेबर ऑफिस से शिमला बोर्ड कार्यालय जानबूझ कर नहीं भेजे जा रहे हैं जिसके कारण आज मजदूरों को सैकड़ों मील का सफ़र तय कर यहां प्रदर्शन करने के लिए आना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि मंडी लेबर ऑफिस में राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड का कार्य पिछले 8 महीनों से बहुत ही धीमी गति से हो रहा है और मजदूरों का पंजीकरण कराने के लिए भी 4-4 महीने लग रहे हैं जबकि पूर्व में ये पंजीकरण 15 दिनों में हो जाता था।
उन्होंने कहा कि अगर 30 सितंबर तक मजदूरों के पेंडिंग लाभ व कापियां जारी नहीं हुईं तो अक्तूबर माह में लेबर ऑफिस मंडी में महारैली निकालकर लेबर ऑफिस का घेराव किया जाएगा।
https://youtu.be/1UE0qhytnT4