हिमाचल दस्तक। मंडी
कुछ दिन पहले शिमला ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जो कर्मचारियों और अधिकारियों को लेकर टिप्पणी की है, उसका प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ एवं जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मंडी ने कड़ा संज्ञान लिया है।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महासचिव राजेश शर्मा व अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान चमन ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विक्रमादित्य सिंह पहली बार विधायक बने हैं और उन्हें कर्मचारियों और अधिकारियों की ताकत का अनुमान नहीं है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के ऊपर इस तरह की टिप्पणी करने पर पहले भी बड़े-बड़े नेताओ को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य पहली बार विधायक बने हैं और उन्हें कर्मचारियों के इतिहास का ज्ञान नहीं है।
उन्होंने कहा कि विधायक विक्रमादित्य सिंह को कर्मचारियों और अधिकारियों पर की गई इस तरह की टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों पर की गई टिप्पणियों के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों से माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो उन्हें उपचुनावों में और आने वाले विधानसभा चुनावों में इसका घातक परिणाम भुगतना पड़ सकता है।