हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
अप्रैल-2020 में जब कोरोना महामारी से लोग घबराए हुए थे, परेशान थे, विशेष तौर पर गर्भवती महिलाएं कि वे डिलीवरी कहां व कैसे करवाएंगी और भी अधिक परेशानी उन गर्भवती महिलाओं को थी जिन्हें कोरोना हो गया था।
ऐसी विकट स्थिति में डाॅ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल काॅलेज नाहन के चिकित्सकों ने करिश्मा कर दिखाया। जानकारी देते हुए विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि अप्रैल-2020 से अप्रैल-2021 के मध्य 2302 महिलाओं का प्रसव नाहन अस्पताल में करवाया गया है।
इनमें से 1006 महिलाओं को सिजेरियन से प्रसव करवाया गया है। इसके अतिरिक्त सबसे बड़ा योगदान मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल का रहा जिसमें उन 33 कोरोना पॉजिटिव महिलाओं का सफलतापूर्वक प्रसव करवाया गया।
इनमें से 20 महिलाओं को कोरोना पाॅजिटिव रहते हुए सिजेरियन से प्रसव करवाया गया है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा- ‘‘गर्भवती महिलाओं का प्रसव करवाने के दौरान ऑपरेशन थिएटर में काम करने वाले सभी चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ ने अपने जीवन को संकट में डाल कर मानवता की सेवा की है जिसके लिए हमें इन सभी को सेल्यूट करते हैं।’’