हिमाचल दस्तक। नाहन
सैनधार क्षेत्र के पनियाली गांव में शनिवार को सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती पर दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला कृषि विभाग के पदाधिकारी एटीएम महेंद्र सिंह और ट्रेनर अर्जुन अत्रि ने उपस्थित किसानों और ग्रामवासियों को सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
इस दौरान ट्रेनर अर्जुन अत्रि ने बीजामृत और जीवामृत तैयार कर लोगों को दिखाया। साथ ही इसके बनाने की विधि बताई। एटीएम महेंद्र सिंह और अर्जुन अत्रि ने बताया कि वर्तमान में कैमिकल दवाइयों का प्रयोग फसलों में किया जा रहा है। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक है।
उन्होंने कहा कि सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती को अपनाकर हम इन बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं और एक स्वस्थ्य जीवन यापन कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती को अपनाएं। अपने घर में ही प्राकृतिक खाद व दवाइयां बनाएं और प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि लोग प्राकृतिक खेती को करते हैं तो हमारा स्वास्थ्य और गांव पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा।
इस दौरान पंचायत प्रधान सुखचैन सिंह और उपप्रधान रामकुमार ने भी लोगों को संबोधित किया और प्राकृतिक खेती करने का लोगों से आह्वान किया। इस मौके पर रणवीर सिंह, नागेंद्र सिंह, प्रेमपाल, अर्जुन, भीम सिंह, हरनाम सिंह, नरेश फौजी, कृष्ण सिंह, संजीव, वेद प्रकाश, कमलेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, अनुज, रमेश, रविंद्र ठाकुर, मदन सिंह, अशोक के अलावा महिला व युवा मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।