हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी कांड को लेकर जहां पूरे देश में अन्य दलों सहित कांग्रेस भी उग्र है, तो वहीं 6 बुधवार को जिला सिरमौर कांग्रेस ने योगी सरकार को इस घटना के लिए जिम्मेदार माना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय बहादुर ने इसे देश की सबसे बड़ी शर्मनाक घटना करार दिया है। जिला सिरमौर कांग्रेस द्वारा लखीमपुर खीरी कांड को लेकर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस भवन से डीसी ऑफिस तक किए गए इस प्रदर्शन में रेणुका जी के विधायक विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी, पूर्व विधायक पांवटा साहिब किरनेश जंग, मंडल अध्यक्ष नाहन कांग्रेस ज्ञान चंद, जिला कांग्रेस महासचिव नरेंद्र तोमर, नैन सिंह, जिला सिरमौर एनएसयूआई अध्यक्ष विपुल शर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उपमा धीमान, नाहन महिला कांग्रेस अध्यक्ष बिल्किश बेगम, एससी सेल जिला अध्यक्ष गुरुदयाल सिंह सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।
प्रदर्शन के दौरान मीडिया से रू-ब-रू होते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय बहादुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार हिटलरशाही पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत निहत्थे किसानों पर राज्य गृह मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी चढ़ाई गई।
यही नहीं निहत्थे किसानों पर गोलियां भी चलाई गईं, जिसमें किसानों की मौत भी हुई है। उन्होंने इसे देश की सबसे बड़ी शर्मनाक घटना करार देते हुए राष्ट्रपति से योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।
जिला सिरमौर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि न केवल लखीमपुर खीरी बल्कि पूरे यूपी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर गृहमंत्री अमित शाह तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मूकदर्शक बने हुए हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी हुए कहा कि जिस प्रकार किसानों के साथ अत्याचार किया जा रहा है, कांग्रेस उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। आंदोलन को दबाने के लिए भाजपा की मोदी सरकार जितने मर्जी अत्याचार कर ले, मगर जीत सच की ही होनी है।