हिमाचल दस्तक। ऊना
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने प्रदेश के उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद शहर के नेशनल हाईवे के आसपास तमाम अवैध कब्जों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया है।
हाईकोर्ट के आदेशों के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने राजस्व विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ मिलकर 2 दिन तक शहर में सड़कों की पैमाइश करने का अभियान शुरू किया है।
संभवतः बुधवार को इस पैमाइश का काम पूरा हो जाने के बाद अवैध कब्जाधारियों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी की तरफ से 3 दिन तक अपने अवैध कब्जे हटाने का नोटिस सर्व किया जाएगा।
यदि नोटिस पीरियड के दौरान अवैध कब्जा धारी अपने कब्जे नेशनल हाईवे से नहीं हटाते हैं तो फिर उसके बाद पुलिस की मदद से विभाग द्वारा इन सभी कब्जों को हटाने का क्रम एक-एक करके शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रदेश भर में नेशनल हाइवे के किनारे किए गए अवैध कब्जों को लेकर प्रदेश के उच्च न्यायालय द्वारा कड़ा रुख अख्तियार किया गया था। इसके चलते नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा इन सभी अवैध कब्जों को तुरंत प्रभाव से हटाने के आदेश जारी किए थे।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कनिष्ठ अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद नेशनल हाईवे के आसपास अवैध कब्जों को हटाने का अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत नगर परिषद और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ लेकर नेशनल हाईवे की पैमाइश की जा रही है। पैमाइश का काम पूरा होते ही उच्चाधिकारियों के आगामी आदेशों से अगली कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।