हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला :
हिमाचल भाजपा के नए मुखिया का एलान 18 जनवरी को होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि शनिवार 18 जनवरी को राज्य भाजपा के नए अध्यक्ष का एलान होगा। सीएम ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए 17 जनवरी को नामांकन की प्रक्रिया होगी, वहीं प्रदेश अध्यक्ष के बाद 20 जनवरी को भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिलेगा।
जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विधिवत चुने जाएंगे। इधर, प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव की घोषणा होते ही अब पद के दावेदार नेता सक्रिय हो गए हैं। सतपाल सिंह सत्ती करीब नौ साल से पार्टी के मुखिया हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव के अलावा विधानसभा के उपचुनाव भी जीते। इसके अलावा शिमला नगर निगम पर पहली बार भाजपा जीत दर्ज करने में सफल रही। अब नए अध्यक्ष पद के लिए जो नाम सामने आ रहे हैं, उसमें सीएम के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, रणधीर शर्मा, डॉ. राजीव भारद्वाज एवं रामसिंह शामिल हैं।
अध्यक्ष पद के लिए एक अन्य नाम हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का भी सामने आ रहा है। नामांकन पत्र दाखिल करने के दिन तक पार्टी स्तर पर अध्यक्ष पद के लिए एक नाम आगे किया जाएगा, जिस पर सबकी सहमति होगी। अब जिला स्तर पर प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है। भाजपा के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्ष पद का चयन कर लिया गया है। इससे पहले मंडल स्तर पर यह प्रक्रिया पूरी की गई थी।
नड्डा 20 को बनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का 20 जनवरी को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय है। वर्ष 1960 में दिसंबर की 2 तारीख को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में जन्मे नड्डा ने बिहार जन आंदोलन से राजनीति में पदार्पण किया। नड्डा एबीवीपी में सक्रिय रहने के अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय छात्र संघ में 1983-84 के दौरान अध्यक्ष रहे। जेपी नड्डा दिल्ली इकाई के वर्ष 1986-89 तक राष्ट्रीय सचिव और फिर संगठन मंत्री रहे।
वर्ष, 1989 और मई, 1990 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की युवा शाखा की ओर से वह चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए। वर्ष, 1991 में 31 वर्ष की आयु में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। जेपी नड्डा वर्ष 1993 में पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 1998 में वह दोबारा विधायक बनने के बाद राज्य के स्वास्थ्य और संसदीय कार्य मंत्री बने।
फिर 2007 में विधायक बनने के बाद उन्हें धूमल सरकार में वन मंत्री बनाया गया। इसके बाद वर्ष, 2010 में तत्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया और इसके बाद वर्ष, 2012 में वे राज्यसभा के लिए चुने गए। जेपी नड्डा मई 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बने।