ललित ठाकुर। पधर
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने रविवार को चौहारघाटी की ग्राम पंचायत तरसवाण, सुधार और सिल्हबुधानी का जनसंपर्क अभियान कर लोगों की समस्याओं को सुना।
इस दौरान कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार की गलत नीतियों और प्रदेश में जयराम सरकार की नाकामियों के चलते आम जनता का जीवन दूभर हो गया है। महंगाई हर रोज आसमान छू रही है। कोरोना की वजह से अपना रोजगार खो चुके लाखों युवा परेशान हैं। जब से प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई है, विकास के कार्य पूरी तरह ठप्प होकर रह गए हैं।
चौहारघाटी में एक मीटर नई सड़क तक भाजपा सरकार के साढ़े 3 साल के कार्यकाल में नहीं बन पाई है। शिंक्षण संस्थानों में अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। पीएचसी सुधार में एक्सरे प्लांट और तकनीशियन तैनात किया हुआ था, लेकिन यहां आज बिना तकनीशियन के एक्सरे मशीन धूल फांक रही है। पेयजल की कमी से लोगों को जूझना पड़ रहा है। इस तरफ न सरकार का कोई ध्यान है न ही विधायक कोई सुध ले रहा है।
पहली बार इस तरह के हालात बने हैं। जन समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।उन्होंने कहा कि अब समय तुलना करने का है। पूर्व की कांग्रेस सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना लोग करें। जनविरोधी सरकार को मुंहतोड़ जवाब दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कस लें। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार सत्ता में काबिज होगी।