धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
बहराल में यमुना नदी में नहाते हुए 9 साल का बच्चा बह गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चे की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक शमशाद पुत्र भूरा निवासी मस्त्री खोल सतीवाला यमुना नदी के किनारे और बच्चों के साथ भैंसें चराने गया था।
कुछ समय बाद सभी भैंसें पानी पीने के लिए यमुना नदी में उतर गईं। बच्चों ने पुलिस को बताया कि शमशाद नहाते समय भैंस की पीठ पर चढ़ गया व उसकी पीठ से यमुना में छलांग लगा दी और फिर वह नदी में बह गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आईओ कृष्ण भंडारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शमशाद के परिवार के सदस्यों से बात की।
इस दौरान उनके साथ स्थानीय गोताखोर भी पहुंच गए व बच्चे की तलाश शुरू कर दी। यमुना में पानी गहरा होने के कारण अभी तक बच्चे का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। डीएसपी पांवटा वीरबहादुर सिंह ने बताया कि बच्चे की तलाश की जा रही है।