खेमराज शर्मा : शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब फोरलेन के कार्य रफ्तार पकड़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में पठानकोट से मंडी के लिए बनने वाले फोरलेन के फेज-1 के लिए केंद्र् ने 696 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस बजट से फोरलेन निर्माण कार्य और फोरलेन निर्माण से प्रभावित होने वाले लोगों को मुआवजा राशि की जाएगी। भारत सरकार के केंद्रीय परिवहन सड़क मार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। पठानकोट-मंडी फोरलेन के दूसरे चरण के निर्माण के लिए केंद्र ने यह बजट मंजूर किया है। सिहुनी से राजोल तक बनने वाले फोरलेन निर्माण के लिए 696 करोड़ की राशि मंजूर हुई है।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के नेशनल हाईवे 154 पठानकोट-मंडी खंड पैकेज दो सिहुनी से राजोल को फोरलेन में पुनर्वास एवं उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए 696.65 करोड़ बजट की स्वीकृति दी गई है। शाहपुर क्षेत्र में पडऩे वाले इस एरिया में सैकड़ों लोग इस फोरलेन की जद में आ रहे हैं।
पठानकोट से सिहुनी तक खर्च होंगे 1600 करोड़
गौरतलब है कि पठानकोट से मंडी फोरलेन का पहला भाग पठानकोट से सिहुनी 38 किलोमीटर फोरलेन निर्माण का टेंडर हो चुका है। इस पर करीब 1600 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरे चरण के लिए 696.65 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। दूसरा पेज 50 किलोमीटर लंबा होगा, जबकि तीसरा चरण परौर से चौंतड़ा तक होगा, जिस पर 1400 करोड़ खर्च होंगे।
पहले चरण में हो चुकी है 28 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित
अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में पठानकोट-मंडी फोरलेन के लिए 28 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित की जा चुकी है। 3900 लोग प्रभावित हुए हैं। 144 करोड़ की राशि स्थानीय प्रशासन को मिली है, जिसमें से 121 करोड़ लोगों को मुआवजे के तौर पर दिए जा चुके हैं।