सुदर्शन ठाकुर। पतलीकूहल
वन विभाग को वनकाटुओं के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जंगलों में हो रहे अवैध कटान के खिलाफ वन विभाग ने वन माफिया पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
वन विभाग के वन रक्षक नरेंद्र ने स्थानीय महिला मंडल के सहयोग से बड़ाग्रां के जंगल में अवैध रूप से कटे गए कायल व देवदार के 2 पेड़ों से निकाली लकड़ी को पकड़ा है। कुल 27 लॉग को मौके से कब्जे में लिया गया जिसमें 15 देवदार व 12 कायल के हैं।
मंगलवार को वन रक्षक व महिला मंडल बड़ाग्रां की सदस्य जंगल में गश्त पर गए। जंगल के काफी अंदर जाने पर उन्हें अवैध रूप से काटे गए पेड़ मिले। वन माफिया ने 2 छोटे पेड़ों को काट कर लॉग बना के रखे थे।
वन माफिया शायद रात को इनके स्लीपर बना कर बेचने की फिराक में थे, परंतु वनरक्षक और महिलाओं ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। विभाग द्वारा जब्त किए लॉग को पतलीकूहल लाया गया है। वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बुधवार को महिला मंडल के सदस्यों के समक्ष ही रिपोर्ट बना कर अगली कार्रवाई पर अमल करना शुरू कर दिया है।
महिला मंडल की प्रधान मालतू देवी ने विभाग से जंगल में अवैध कटान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। इस मुहिम में वन रक्षक नरेंद्र के साथ महिला मंडल बड़ाग्रां की प्रधान मालतू देवी, सचिव गीता नेगी, सदस्य नीमा देवी, जुम्मा नेगी, बिमला देवी, चमेलू देवी, गंगा देवी, सरला देवी, बीना, सुनीता व वंतू देवी शामिल रही।