-
ग्रामीणों ने की मांग जल्द भरा जाए नायब तहसीलदार का पद
-
समय के साथ-साथ लोगों के पैसों की भी हो रही बर्बादी
प्रवेश शर्मा। परागपुर : परागपुर उपतहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार का पद रिक्त होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार कि 31 अक्तूबर, 2019 को नायब तहसीलदार सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से अभी तक नायब तहसीलदार परागपुर के रिक्त पद को भरा नहीं गया है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग के कुछ कानूनगो को नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया है, और उन्हें नायब तहसीलदार के रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति दी गई है, लेकिन मौजूदा समय में लोगों को राजस्व व प्रमाण पत्र बनवाने संबंधी कार्य करवाने के लिए पहले परागपुर उपतहसील कार्यालय में आकर कार्य करवाना पड़ रहा है। इसके बाद परागपुर उपतहसील कार्यालय द्वारा तैयार करवाए गए दस्तावेजों पर तहसीलदार या नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर लेने के लिए देहरा या रक् कड़ तहसील कार्यालय में जाना पड़ रहा है।
इस कारण समय के साथ-साथ लोगों के पैसों की भी बर्बादी हो रही है। इसको लेकर क्षेत्र के जितेंद्र शर्मा, अमित, राजेश, संजय, राकेश ठाकुर, दिनेश शर्मा, अजय शर्मा, बिक्रम सिंह, अरुण शर्मा, संजीव शर्मा, रोहित कुमार, रवींद्र, अतुल कुमार, राहुल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि वे मामले की गंभीरता को देखते हुए परागपुर उपतहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार के रिक्त चल रहे पद को भरने के निर्देश जारी करें, ताकि परागपुर क्षेत्र के लोगों को इस वजह से जो दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, उससे से उन्हें निजात मिल जाए।
प्रदेश सरकार ने परागपुर उपतहसील में नायब तहसीलदार के रिक्त चल रहे पद को भरने की मंजूरी दे दी है। डिविजनल कमिश्नर कांगड़ा को इस बारें में सूचित कर दिया गया है, आगामी आदेश वहीं से जारी होंगे।
-मिलाप चंद, अवर सचिव (राजस्व) प्रदेश सरकार।