हिमाचल दस्तक। मंडी
प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार जिला मंडी में 72वें वन महोत्सव तथा पौधरोपण अभियान का शुभारंभ जिला उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने किया।
उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने बल्ह क्षेत्र के मांडल पंचायत की देवीधार नामक स्थान में पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि वन विभाग व रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा वन महोत्सव के उपलक्ष्य में मंडी जिला में 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी कड़ी के तहत बुधवार को बल्ह क्षेत्र के मांडल पंचायत की देवीधार में 800 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने महिला मंडल बल्ह व स्थानीय लोगों से श्रमदान करने की अपील की है। वहीँ वन मंडलाधिकारी एसएस कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार वन विभाग व रेडक्रॉस और जिला प्रशासन के तत्वावधान में पौधरोपण अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि पूरे जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाएगा और स्थानीय लोग इन पौधों की देखरेख करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में एसडीएम मंडी, रेडक्रॉस सोसाइटी, वन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं।