ओम शर्मा। बीबीएन
प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को सख्त बंदिशें लागू होने के बाद जन-जीवन थम गया। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में सोमवार सुबह 8 बजे से 11 बजे तक जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली, जिसके बाद बाजारों में सन्नाटा पसर गया। नये बंदिशें लागू होने के बाद बीबीएन की सड़कों पर पुलिस जवान डट गए।
विभिन्न स्थानों पर लगाए गए नाकों पर आने-जाने वालों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। अगर कोई बेबजह घूमता पाया जा रहा है तो पुलिस उससे सख्ती से पेश आ रही है। उद्योगों में कार्यरत कामगारों को आने जाने की छूट प्रदान की गई है। रविवार रात ही एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर ने प्रशासन के पेज से एक वीडियो जारी कर नई बंदिशों की विस्तृत जानकारी दी।
एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि औद्योगिक कर्मचारियों को आने जाने में छूट प्रदान की गई है। कर्मचारी शिफ्ट टाईम से आधा घंटा पहले और शिफ्ट खत्म होने के आधा घंटा बाद तक पैदल व वाहनों से आवाजाही कर सकते हैं। कर्मचारियों को अपने निवास स्थान से उद्योग तक जाने की छूट रहेगी। लेकिन कोई कर्मचारी इस बीच बेबजह इधर उधर घूमता पाया जाता है तो उसे पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
आपाताकालीन स्थिति में बीबीएन के लोग एसडीएम कार्यालय से पास प्राप्त कर सकते हैं। उन्हें प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर पास की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। सोमवार को नई बंदिशें लागू होने के बाद विभिन्न स्थानों पर पुलिस के नाके लगाए गए हैं। नाकों पर पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और बेबजह घूमने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस नियमों की पालना करवाने के सख्ती से पेश आएगी किसी के साथ कोई लिहाज नहीं की जाएगी। यह सख्ती और नाकेबंदी लोगों की सुरक्षा के लिए है जिसमें बीबीएन की जनता का सहयोग जरूरी है।
नई बंदिशें लागू कर दी गई हैं और नियमों की पालना करवाने के लिए प्रशासन वचनवद्ध है। औद्योगिक कामगारों को आने जाने में छूट दी गई है। आपातस्थिति में बीबीएन के लोग एसडीएम कार्यालय नालागढ़ से पास प्राप्त कर सकते हैं। नियमों की जानकारी सोशल मीडिया और विभिन्न जागरूकता टीमों द्वारा लोगों तक पहुंचाई जा रही है। यह सब नियम और कानून लोगों की सुरक्षा के लिए हैं ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। प्रशासन बीबीएन के लोगों से सहयोग की उम्मीद करता है।