हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से कोविड-19 की लड़ाई लड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले जरूरी सामान की खेप बिलासपुर पहुंच गई।
इसे यहां पर सर्किट हाउस में सदर विधायक सुभाष ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रमुख प्रवक्ता व पूर्व विधायक रणधीर शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान की अगुवाई में उपायुक्त रोहित जम्वाल को सौंपा गया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रमुख प्रवक्ता व पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश सरकार कोविड-19 कें संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए कई अहम कदम उठा रही है और कोविड अस्पताल बनाए जा रहे हैं।
वहीं कोविडकाल में लोगों को 5 किलोग्राम मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा भेजे गए सामान के प्रति उनका आभार जताया।
इस अवसर पर उपायुक्त रोहित जम्वाल ने कहा कि जब-जब जिला प्रशासन को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई लड़ने में जरूरी सामान की आवश्यकता पड़ी तो केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भरूपर मदद की है। उनके द्वारा भेजा गया सामान कोविड-19 के खिलाफ चल रही लड़ाई में मददगार साबित होगा, जिसका लाभ लोगों को मिलेगा।
इस जरूरी सामान में थ्री लेयर मास्क 5000, दस्ताने 2000, पीपीई किट 400, फेस शील्ड्स 100, एनआरएम 100, ऑक्सीमीटर 50, ऑक्सीजन मास्क 150, एन 95 मास्क 300, ऑक्सीजन रेगूलेटर 100 सामान शामिल हैं।