राजीव भनोट/चंद्रमोहन। ऊना
प्रदेश कांग्रेस में बेनामी और झूठे नामों के साथ कांग्रेस हाईकमान को पत्र लिखने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ऐसे में अब एक और पत्र कांग्रेस के आला नेता राहुल गांधी को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के 4 नामों के साथ लिखा गया है। इस पत्र में भी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष को लेकर जहां बातें की गई हैं, वहीं नए अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के लिए नाम भी सुझाए गए हैं।
इस पत्र में ऊना से एक कांग्रेस नेता जो वर्तमान में कुटलैहड़ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, पूर्व सचिव रहे हैं विवेक शर्मा का नाम भी लिखा गया है। विवेक ऐसे पत्र से साफ इंकार कर रहे हैं। अब विवेक शर्मा ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर इसकी जांच मांगी है। वहीँ अपना पक्ष भी नेताओं के समक्ष रखा है।
कांग्रेस के बेनामी पत्र में अपने नाम से मिलता-जुलता नाम सामने आने के बाद कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक शर्मा ने पुलिस के पास शिकायत दी है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी छवि खराब करने के षडयंत्र का आरोप लगाया है।
जिला मुख्यालय पर डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह को उन्होंने अपनी शिकायत सौंपते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान को एक बेनामी पत्र पहुंचा था जिसमें प्रदेश कांग्रेस के आला नेताओं पर कई आधारहीन आरोप लगाए गए थे।
इस पत्र के अंत में 5 नाम अंकित किए गए थे जिनमें एक उनके नाम से मिलता-जुलता नाम विवेक कुमार लिखा गया है। विवेक शर्मा ने कहा कि केवल उनकी छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा कृत्य किया गया है जिसकी जांच होनी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं अब तक की जांच में उक्त 5 नामों में से 4 नाम फर्जी पाए गए हैं। विवेक शर्मा ने कहा कि वह काफी सालों से कांग्रेस के सिपाही रहे हैं और वह हमेशा कांग्रेस के नेताओं का पूरा मान-सम्मान करते रहे हैं।