विनोद ठाकुर। भरमौर:
जनजातीय क्षेत्र से बहने वाली रावी का प्रवाह उस वक्त अचानक थम गया, जब एक बड़ा हिमखंड रावी को आर-पार कर गया। शनिवार की रात को उपमंडल भरमौर की नयाग्रा पंचायत के अधीन आने वाले घडोह नाला में हिमखंड गिरने से होली नयाग्रां मार्ग कुछ घंटों के लिए बंद हो गया।
हिमखंड इतना बड़ा था कि वह मुख्य सड़क मार्ग को पार कर नीचे बह रही रावी नदी को भी आर पार कर गया। गनीमत यह रही कि यह हिमखंड रात के समय आया। अगर दिन के समय आता तो काफी नुकसान हो सकता था। इस मार्ग से लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी, डाक विभाग के कर्मचारियों सहित हाई स्कूल नयाग्रा के बच्चों की भी आवाजाही लगी रहती है।
साथ ही वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। बताया जा रहा है कि हिमखंड इतना बड़़ा था कि रावी नदी के ऊपर से गुजरने के बाद नदी का प्रवाह भी कुछ समय तक रुक गया था। लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद होली नयाग्रा मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है।