घनश्याम शर्मा । मनाली
व्यापार मंडल मनाली का प्रतिनिधि मंडल आज अध्यक्ष अमर सिंह की अध्यक्षता में नगर परिषद मनाली से मिला। व्यापार मंडल ने नगर परिषद मनाली की नई कार्यकारिणी को सम्मानित कर शिष्टाचार भेंट की। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमर सिंह नई कार्यकरिणी को बधाई दी और कहा कि व्यापार मंडल मनाली शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग देगा। उन्होंने शहर को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए नगर परिषद की सराहना की।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास में व्यापार मण्डल हर सम्भव सहयोग करेगा। उपाध्यक्ष शमशेर ठाकुर ने नगर परिषद मनाली से आग्रह किया कि व्यापार मण्डल के लिए शहर में कार्यालय बनाने के लिए जगह आवंटित की जाए। ताकि शहर के सभी कारोबारी एक जगह एकत्रित हो सके और अपनी समस्याओं पर चर्चा कर सके। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए हर मनाली वासी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल मनाली को जल्द ही नप को ओर से कार्यालय बनाने के लिए भूमि की व्यवस्था की जाएगी।
कपूर ने नगर परिषद को सहयोग देने के लिए व्यापार मंडल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नप मनाली सौन्दर्यकरण योजना के तहत बस स्टेंड के समीप मनु वाटिका का निर्माण कर रही है। जल्द ही मनु मार्किट नए रुप में नजर आएगी। कपूर ने कहा कि एचआरटीसी आरएम से बात कर प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने का आग्रह किया गया है। नप उपाध्यक्ष मनोज कुमार, पार्षद चन्द्रा पदान, कल्पना व ललिता नर सभी से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सहयोग व सुझाव दें। इस अवसर पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष संजीव ठाकुर, महासचिव भरत ठाकुर, सुनील शर्मा, नानक चन्द नन्दू, यशपाल, योग राज बनेर व देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे।