राज्य सरकार की ओर से पंचायतों पर बनाए दबाव का दिखा असर, 14वें वित्तायोग की धनराशि समय पर खर्च होने की उम्मीद : कंवर, अंतिम किस्त के रूप में हिमाचल को 490 करोड़ और प्राप्त हुए
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : 14वें वित्तायोग के अंतर्गत हिमाचल की 3226 पंचायतों को दी गई कुल धनराशि में से 71 प्रतिशत खर्च की जा चुकी है। यह जानकारी ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दी।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि 14वें वित्तायोग के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश की पंचायतों को 1170.35 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया गया था, जिसमें से 830.55 करोड़ खर्च कर दिए गए हैं। शेष बचे 330.89 करोड़ व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिला को 14वें वित्तायोग से दिए गए 250.14 करोड़ में से 182.61 करोड़ खर्च कर दिए गए हैं जबकि मंडी को मिले 167.11 करोड़ में से 120.32 करोड़ की धनराशि खर्च हो चुकी है।
शिमला जिला को 118.12 करोड़ रुपये प्रदान किए गए थे जिसमें से 81.51 करोड़ व्यय हो चुके हैं जबकि ऊना जिला ने 85.01 करोड़ में से 58.66 करोड़ खर्च कर दिए हैं। अन्य जिलों में भी 14वें वित्तायोग से प्राप्त हुई धनराशि से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि अब इस वित्त वर्ष की अंतिम किस्त के रूप में हिमाचल को 490 करोड़ और प्राप्त हुए हैं। यह राशि सीधे ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में जमा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का आम लोगों तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है, ताकि उनका विकास हो सके।