नेक सिंह ठाकुर। साहो
सरकार की ओर से चलाई गई योजना ‘प्रशासन जनता के द्वार’ के तहत एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन वन विश्राम गृह साहो में किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों से आए हुए विभाग अध्यक्षों ने भाग लिया।
2 विकास खंडों चंबा व मैहला क्षेत्र की करीब 9 पंचायतों के लोगों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने अपनी विभिन्न समास्याओं को विभाग के समक्ष रखा। कई समस्याओं का मौके पर ही निदान कर दिया गया व कई समस्याओं को हल करने के लिए जिला प्रशासन ने निपटाने के लिए आश्वस्त किया।
जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने लोगों की विभिन्न समस्याओं को लोगों के समक्ष ही विभागाध्यक्ष की रहनुमाई में निदान किया। इस मौके पर लोगों के वन अधिकार नियम के अंतर्गत आने वाले अधिकारों को भी बताया गया।
इस मौके पर चंबा एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से लोगों के हित हेतु कई योजनाएं चलाई जाती हैं। बावजूद इसके धरातल स्तर पर ठीक तरह से लागू नहीं होती है।
इस कारण लोगों को इस बारे में कोई भी जानकारी हासिल नहीं होती है। इसीलिए सरकार की ओर से प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम चलाया गया है जिसमें जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा कई विभागाध्यक्ष मौजूद रहते हैं, वही लोगों व विभागाध्यक्षों के बीच मौके पर ही समस्या का निपटारा किया जाता है।