धर्म चंद वर्मा। मंडी
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मंडी के सेरी चांदनी में हिमाचल किसान सभा, सीटू, महिला समिति, नौजवान सभा व एसएफआई संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया।
यह प्रदर्शन देश में चल रहे पिछले 7 महीने से किसान आंदोलन के पक्ष में किया गया। किसान लंबे समय से दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हैं और अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। किसान 3 कृषि बिलों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
आज के समय में संयुक्त किसान मोर्चा ने जो नारा दिया है कृषि बचाओ लोकतंत्र बचाओ के तहत यह धरने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। जिस तरह से आज कृषि संकट में है और हमारा लोकतंत्र भी संकट के अंदर है।
केंद्र की सरकार लगातार कृषि और लोकतंत्र के ऊपर हमले कर रही है। आज जरूरत है अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की और सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ डटकर मुकाबला करने की। सरकार ने जिस प्रकार के हथकंडे इस किसान आंदोलन को दबाने के लिए आजमाए, वे सभी फेल हो गए।
किसान अपनी मुख्य मांगों को लेकर अभी तक भी अडिग हैं। संयुक्त किसान मोर्चा ने ठाना है कि जब तक 3 कृषि बिल वापस नहीं होते तब तक आंदोलन इसी तरह से जारी रहेगा। देश के विभिन्न कोनों में विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन को तेज किया जाएगा और एक निर्णायक लड़ाई केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ी जाएगी।
इसी के चलते शनिवार को मंडी में भी धरना प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सीटू जिला महासचिव राजेश शर्मा, जोगिंदर वालिया, सुरेश सरवाल, गोपेंद्र, रमेश कुमार, वीना वैद्य, संतोष मौजूद रहे।