-
मंदिर में झाड़ू लगाकर सफ़ाई अभियान का किया आग़ाज़
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने महात्मा गांधी की रिज मैदान पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उसके बाद भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर डीसी ऑफिस शिमला स्थित प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मॉल रोड स्थित ग्रामोद्योग में भी पहुंचे जहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के लिए साड़ी व अपने लिए सदरी ख़रीदी।
पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन ही हम सबके लिए एक संदेश रहा है। गांधी जी ने भारत माता के प्रति अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था, आज सभी को महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। महात्मा गांधी ने देश की आज़ादी के साथ-साथ सफ़ाई पर भी देश में अभियान चलाया था।
उधर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत की 2 महान विभूतियों का जन्मदिन एक साथ आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। महात्मा गांधी के जीवन से हम सबको बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनके जीवन से नई पीढ़ी को भी सीख लेनी चाहिए।
महात्मा गांधी की आज़ादी के आंदोलन में अहम भूमिका रही थी। जनता को आज़ादी के आंदोलन से जोड़ना महान कार्य था। महात्मा गांधी ने खादी को उस समय ही बढ़ावा देने पर जोर दिया था। हमें भी स्वदेशी व खादी को अपनाकर देश की तरक्की में भागीदारी देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता से उनका करीबी रिश्ता था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को गति दी है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री एक ईमानदार एव कर्मठ नेता थे। उनकी मृत्यु आज भी एक रहस्य बनी हुई है। उनका नारा जय जवान, जय किसान और अब जय विज्ञान के सपने को हमें पूरा करना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री लिफ़्ट स्थित मंदिर में भी गए जहां उन्होंने झाड़ू लगाकर सफ़ाई अभियान की शुरुआत की व लोगों से सफ़ाई अभियान के साथ जुड़ने का आह्वान किया।