प्रवीन मुंगटा। शिमला
100 साल पूरे होने पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों का 7वां सम्मेलन का आगाज बुधवार से हो गया है। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उन्होंने देश में सदन की परम्पराओं को बनाए रखने को कहा, वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा का एक गौरवमयी इतिहास रहा है। प्रथम अध्यक्ष जीवंत राम से लेकर विपिन परमार तक का कार्यकाल उल्लेखनीय है। उन्होंने धर्मशाला के तपोवन में स्थित विधानसभा भवन के उचित उपयोग करने की बात लोकसभा स्पीकर के समक्ष उठाई और कहा कि वहां राष्ट्रीय ई-अकेडमी गठित करने की बात कही, जिससे उस विधानसभा भवन का सही उपयोग हो सके।
वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि शिमला देश के अंदर ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मेलन में जुडने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा बनी रहे और 100 वर्ष बाद इस अधिवेशन में कुछ महत्वपूर्ण कार्यों व निर्णयों की समीक्षा व मंथन करेंगे।
उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारियों को जनता के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा की देश की सभी विधानसभाओं को पेपरलेस बनाने का प्रयास किया जाएगा वहीं धर्मशाला में स्थित विधानसभा में ई एकेडमी के लिए अध्यक्ष व मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद किस तरह का इसका मॉडल बनाया जाए, इस पर विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सदनों के अनुसाशन में कमी आई है। सदनों की गरिमा को बनाए रखने के लिए सारे विषयों पर चर्चा की जाएगी, इसके अलावा पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मेलन नए संकल्पों के साथ होता है जो देश की संसदीय व्यवस्था को नई गति देता है। इस परंपरा को 100 साल हुए हैं, इसके लिए सभी देशवासियों को बधाई। लोकतंत्र भारत का स्वभाव व प्रकृति है। भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, यह कार्यक्रम हमारी जिम्मेदारी को बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना की लड़ाई सभी राज्यों ने एकजुटता से लड़ी और भारत आज 100 करोड़ के वैक्सीन का आंकड़ा पूरा कर चुका है। उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य के सपने पूरे होंगे जो सभी राज्यों के एकजुट प्रयासों से सम्भव है, नई विजन के साथ भविष्य के लिए नए नियम बनाने की ज़रूरत है। नई नीतियां व कानून एक भारत, श्रेष्ठ भारत को मजबूत करने वाली होगी।