पर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में डीसी ने दी जानकारी, कहा, विभिन्न उपसमितियों का किया गया गठन
हिमाचल दस्तक। हमीरपुर : उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को हमीर उत्सव की तैयारियों के संदर्भ में एक बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमीर उत्सव का आयोजन 6 से 7 दिसंबर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय हमीर उत्सव का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र हमीरपुर के खेल मैदान में किया जाना प्रस्तावित है।
इस उत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शिनियां मेला मैदान में लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक व खेलकूद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं में बेहतरीन स्टार कलाकारों के साथ-साथ हिमाचली कलाकारों को भी अधिमान दिया जाएगा। उभरते हुए स्थानीय कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। हर वर्ष की भांति उत्सव के उपलक्ष्य में एक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत वॉलीबाल व कबड्डी के मुकाबले करवाए जाएंगे।
छोटे बच्चों के लिए हेल्दी बेबी शो, फैंसी ड्रेस तथा चित्रकला पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्सव में लोगों के लिए म्यूजिकल चेयर जुम्बा इत्यादि गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। हमीर उत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों व विभागों के साथ-साथ अन्य संस्थाओं व स्थानीय लोगों का भी इसमे सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस उत्सव के सफल आयोजन में अपनी-अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन करें।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रत्तन कुमार गौत्तम, सहायक आयुक्त राज किशन, उप निदेशक उच्च शिक्षा जसवंत सिंह, जिला भाषा-संस्कृति अधिकारी निक्कू राम, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।